(ऋषभ सिंह)ओबरा, सोनभद्र। ओबरा तापीय विद्युत परियोजना (बीटीपीएस) में गुरुवार को कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 12/13 नंबर यूनिट में स्थित ऐशलरी फील्ड मोटर कूलिंग पंप पर कार्य कर रहे एक संविदा कर्मचारी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद परियोजना परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि साथी कर्मचारियों ने अधिकारियों की लापरवाही को घटना का प्रमुख कारण बताया।
जानकारी के अनुसार बिहार निवासी संजय कुमार संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। वह नियमित कार्य के दौरान अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनका शरीर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने उन्हें आनन-फानन में ओबरा परियोजना अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और साथी कर्मियों में हड़कंप मच गया।
कर्मचारियों का आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा घायल कर्मचारी को समुचित उपचार एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल परियोजना प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। हादसे के बाद परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।

