अनपरा में ठेकेदार ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

अनपरा (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के अनपरा कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। नगर पंचायत अनपरा में ठेकेदारी का कार्य करने वाले पीयूष सिंह (38) ने अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक पीयूष सिंह पुत्र प्रदीप सिंह, निवासी अनपरा कॉलोनी, नगर पंचायत में ठेकेदारी का कार्य करते थे। उनके परिवार में पत्नी और लगभग 12 वर्षीय एक पुत्र है। घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। मौके से अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और न ही किसी के विरुद्ध कोई आरोप-प्रत्यारोप सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक थाना अनपरा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और मामले की जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

ये भी पढ़िए