पुलिस की सख्ती के आगे अपराधी बेबस, जिला बदर अभियुक्त को सोनभद्र से किया बाहर


शक्तिनगर (सोनभद्र)। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस ने जिला बदर अपराधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे जनपद की सीमा से बाहर कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सतेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिला बदर आदेश का अनुपालन कराया।
जानकारी के अनुसार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सोनभद्र के 29 अगस्त 2026 के आदेश के तहत राजन भारती पुत्र देवीदयाल भारती, निवासी चंदूआर, थाना शक्तिनगर को उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत जिला बदर किया गया था।
आदेश के अनुपालन में शक्तिनगर पुलिस ने अभियुक्त को जनपद सोनभद्र की सीमा से बाहर विंध्यनगर, जनपद सिंगरौली (मध्य प्रदेश) में छोड़ते हुए जिला बदर आदेश की विधिवत तामील कराई। साथ ही अभियुक्त को निर्धारित अवधि तक बिना सक्षम अनुमति सोनभद्र में प्रवेश न करने की सख्त चेतावनी दी गई। सोनभद्र पुलिस का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

ये भी पढ़िए