दुद्धी – समोसा विक्रेता ट्रेन इंजन की चपेट में आया, हालत गंभीर

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के इंजन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उसे बचाकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, रविवार शाम करीब 30 वर्षीय गोविंद कुमार पुत्र उमाशंकर, निवासी रामनगर, रोज की तरह दुद्धी हॉस्पिटल मोड़ के पास ठेले पर समोसा व अन्य खाद्य सामग्री बेचकर घर लौट आया था। कुछ देर बाद वह घूमने के इरादे से रेलवे स्टेशन की ओर चला गया और इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर जा रहे ट्रेन के इंजन की चपेट में आ गया।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और दौड़कर युवक को सुरक्षित किया। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से घायल को तुरंत सीएचसी दुद्धी ले जाया गया, जहाँ डॉ. सुनील ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे चिकित्सकीय निगरानी में भर्ती कर लिया गया है।
जीआरपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा कैसे हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फिलहाल घायल युवक का इलाज सीएचसी में चल रहा है।

ये भी पढ़िए