दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र । बिजली विभाग के दुद्धी उपखंड में तैनात सहायक अभियंता तीर्थराज का स्थानांतरण भदोही जनपद होने पर सोमवार को कार्यालय परिसर में भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सहायक अभियंता तीर्थराज ने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता दी, जिससे विभाग और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ। उनके व्यवहार, कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की सभी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम में कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं। कई वक्ता भावुक हो उठे और कहा कि तीर्थराज जैसे अधिकारी का साथ मिलना विभाग के लिए सौभाग्य की बात रही। उनके स्थानांतरण से दुद्धी उपखंड को एक कुशल, संवेदनशील और कर्मठ अधिकारी की कमी महसूस होगी।
अपने संबोधन में सहायक अभियंता तीर्थराज ने दुद्धी में मिले सहयोग, स्नेह और विश्वास के लिए सभी कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुद्धी में कार्य करते हुए उन्हें टीम का पूरा सहयोग मिला, जिसके कारण विभागीय नियमों के अनुरूप जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान संभव हो सका। उन्होंने भविष्य में भी इसी समर्पण और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया।
समारोह के अंत में कर्मचारियों ने उन्हें माल्यार्पण कर पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की मंगलकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अवर अभियंता अहमद अली, भोला कुशवाहा, कृष्ण कुमार, गंगा सहित बिजली विभाग के कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

