(मदन मोहन)नौगढ़ चंदौली : काशी वन्य जीव प्रभाग, रामनगर वाराणसी के अंतर्गत जयमोहनी रेंज में वन विभाग ने आरक्षित वन भूमि पर अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने आरक्षित वन क्षेत्र तेन्दुआ भैंसोड़ा-14 में बिना अनुमति कराए जा रहे निर्माण को ध्वस्त करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज किया है। वन विभाग को सूचना मिली थी कि आरक्षित वन भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव के निर्देश पर 5 जुलाई 2026 को रेंज स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण में पाया गया कि मझगांवा निवासी राजेश पुत्र बाबूलाल द्वारा बिना किसी वैधानिक अनुमति के आरक्षित वन भूमि पर पक्के पिलर खड़े किए जा रहे थे।

जांच में अवैध निर्माण की पुष्टि होने पर वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन पिलरों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही आरोपी के विरुद्ध वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में वन अपराध दर्ज कर अग्रिम कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई। वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि आरक्षित वन भूमि राष्ट्रीय संपत्ति है और इस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण में प्रयुक्त लोहे के सरिया एवं अन्य सामग्री भी उपलब्ध संसाधनों की सहायता से हटाकर जब्त की जाएगी। भविष्य में वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं वन भूमि पर अवैध कब्जा या निर्माण होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

