सोनभद्र। घोरावल पुलिस ने वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹25 हजार के इनामी शातिर अपराधी राजेश सोनकर को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के कई गंभीर मामलों में सोनभद्र, प्रयागराज और कौशाम्बी के विभिन्न थानों में वांछित चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार निगरानी की। इसी दौरान मिली सटीक सूचना पर 18 जुलाई की शाम लगभग 7:30 बजे प्रयागराज स्थित शेरवानी लेगेसी, विनायक सेंट्रल पार्क से आरोपी को दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त राजेश सोनकर (27 वर्ष) पुत्र कमलेश सोनकर, निवासी ग्राम चकिया, थाना सैनी, जनपद कौशाम्बी, थाना शाहगंज में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट जारी होने के साथ ही ₹25 हजार का इनाम घोषित था।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसके खिलाफ सोनभद्र, प्रयागराज और कौशाम्बी में गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट तथा बीएनएस के कुल 9 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।
घोरावल पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चल रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

