राजकीय शिक्षक संघ ने शिक्षा निदेशक को सौंपा ज्ञापन, पदोन्नति प्रक्रिया जल्द बहाल करने का मिला आश्वासन

लखनऊ, : राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश की प्रांतीय कार्यकारिणी की संक्षिप्त बैठक बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार गौतम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से राजकीय इंटर कॉलेज, हुसैनाबाद (लखनऊ) के वरिष्ठ शिक्षक एवं संघनिष्ठ साथी अखिलेश अवस्थी को लखनऊ का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। उन्हें शीघ्र जिला बैठक आयोजित कर नई कार्यकारिणी के गठन एवं विस्तार का दायित्व सौंपा गया।
बैठक में एल.टी. एवं प्रवक्ता संवर्ग के शिक्षकों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पर गंभीर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि इस संबंध में शिक्षा निदेशक को पुनः ज्ञापन देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की जाए।
बैठक के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि वर्षों से पदोन्नति प्रक्रिया बाधित होने के कारण राजकीय शिक्षकों में हताशा, निराशा और आक्रोश व्याप्त है तथा इसका शीघ्र समाधान आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सत्यम् शिवम् सुंदरम्, महामंत्री डॉ. अशोक कुमार अवाक, लखनऊ जिलाध्यक्ष अखिलेश अवस्थी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने बताया कि संघ द्वारा 24 जून 2026 को दिए गए ज्ञापन का उन्होंने पहले ही संज्ञान लेते हुए अपर शिक्षा निदेशक (राजकीय) अजय कुमार द्विवेदी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। प्रतिनिधिमंडल द्वारा अब तक संतोषजनक प्रगति न होने की जानकारी देने पर उन्होंने तत्काल इस विषय पर बैठक बुलाने के निर्देश जारी किए।
निदेशक ने आश्वासन दिया कि शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के प्रति विभाग गंभीर है तथा पदोन्नति प्रक्रिया को अविलंब बहाल करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़िए