8 विद्यालयों के 400 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, एथलेटिक्स व टेबल टेनिस में दिखा दमखम
(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। डीएवी पब्लिक स्कूल ओबरा के प्रांगण में रविवार को क्लस्टर-3 स्तरीय अंतर-विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में क्लस्टर-3 के अंतर्गत आने वाले आठ डीएवी विद्यालयों के 400 से अधिक छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने अनुशासन, उत्साह और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में डीएवी अनपरा, डीएवी अनपरा विद्युत, डीएवी खड़िया, डीएवी बीना, डीएवी ककरी, डीएवी रिहंदनगर, डीएवी रॉबर्ट्सगंज और मेजबान डीएवी पब्लिक स्कूल ओबरा के खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं।
वैदिक मंत्रोच्चार और मार्च पास्ट से हुआ शुभारंभ
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चार, सरस्वती वंदना और डीएवी गान की प्रस्तुति दी। इसके बाद प्रतिभागी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
मुख्य अतिथि ने खेल ध्वज फहराया और रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाकर प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की। खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने ‘स्वागतम डांस’ और स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति भी दी।

अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (CGM) दूधनाथ यादव रहे। विशिष्ट अतिथियों में महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. राय, सीआईएसएफ कमांडेंट सतीश कुमार सिंह, नगर अध्यक्षा चांदनी, एआरओ संध्या एल. पांडे और डीएवी ओबरा की मैनेजर दीपा शरन मौजूद रहीं। विभिन्न डीएवी विद्यालयों के प्राचार्यों ने भी समारोह में भाग लिया।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
एथलेटिक्स और टेबल टेनिस में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स की 100 मीटर, 400 मीटर, लंबी कूद और ऊंची कूद तथा टेबल टेनिस के एकल मुकाबले हुए। खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

100 मीटर दौड़ में अंडर-14 वर्ग में आदित्य श्रीवास्तव प्रथम, सनी गुप्ता द्वितीय और एस. जायसवाल तृतीय रहे। अंडर-17 में समीर अहमद प्रथम, लकी राज द्वितीय और उज्जवल सिंह तृतीय रहे। अंडर-19 में कुनाल सिंह प्रथम, कबीर सिंह द्वितीय और अमित सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
400 मीटर दौड़ में अंडर-17 वर्ग में आयुष्मान परमहंस प्रथम, आदित्य साह द्वितीय और आंशिक द्विवेदी तृतीय रहे। अंडर-19 में शिवांकित केशरी प्रथम, अंकित यादव द्वितीय और संगम तृतीय रहे।
लंबी कूद में अंडर-14 वर्ग में अविनाश दीप चौहान, अंश आर्या और अश्वनी यादव ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 में राजवीर सिंह प्रथम, शनि देवल द्वितीय और श्रेयांश देव पांडे तृतीय रहे। अंडर-19 में कुनाल सिंह प्रथम, आयुष कुमार द्वितीय और नीलेश कुमार तृतीय रहे।
ऊंची कूद में अंडर-14 वर्ग में अमन गुप्ता प्रथम, आदित्य श्रीवास्तव द्वितीय और मो. आबिर तृतीय रहे। अंडर-17 में लकी राज प्रथम, आशुतोष कुमार दुबे द्वितीय और शिवांशु सिंह तृतीय रहे। अंडर-19 में अनुराग गौतम प्रथम, अंशुमान सिंह द्वितीय और आकाश विश्वकर्मा तृतीय स्थान पर रहे।
टेबल टेनिस एकल मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में हार्दिक प्रथम और देवेश द्वितीय रहे। अंडर-17 में आर्यन प्रथम और जय कुमार गुप्ता द्वितीय रहे। अंडर-19 में सत्यम प्रथम और प्रणीत द्वितीय स्थान पर रहे।
आयोजकों ने कहा कि क्लस्टर-3 खेलकूद प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना विकसित करने में भी सहायक हैं।

