प्रभारी मंत्री ने जताई नाराजगी, बंद आयुष विभाग, बाहरी दवा-जांच और निजी प्रैक्टिस पर उठे गंभीर सवाल
दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र : जनपद सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर प्रभारी मंत्री ने अधीक्षक से नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने बंद पड़े टीकाकरण केंद्र, इमरजेंसी की अव्यवस्था, वार्डों में बिना चादर के मरीजों का उपचार, साफ-सफाई की खराब स्थिति तथा अस्पताल के रखरखाव पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी ली।
भाजपा कार्यकर्ता कृष्ण कुमार अग्रहरी ने कई वर्षों से दवा के अभाव में बंद पड़े आयुष विभाग का मुद्दा उठाते हुए इसकी बदहाल स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित कराया। वहीं भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ संयोजक जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ने बाहरी दवाओं की खरीद, बाहरी जांच और निजी प्रैक्टिस जैसे गंभीर मुद्दों को प्रभारी मंत्री के समक्ष रखा और कहा कि सैकड़ों गांवों की स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र होने के बावजूद अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
नगर पंचायत दुद्धी के चेयरमैन कमलेश मोहन ने अस्पताल में चिकित्सकों एवं स्टाफ की कमी दूर करने की मांग की। भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने अल्ट्रासाउंड सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी, उपजिलाधिकारी रवि पासवान, पुलिस क्षेत्राधिकारी दुद्धी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दुद्धी, बीपीएम संदीप सिंह, पूर्व भाजपा जिला मंत्री दिलीप पांडे सहित अन्य अधिकारी एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

