तहसील परिसर नौगढ़ में वृहद पौधारोपण, छह दिनों में 5 हजार से अधिक पौधे रोपे


नौगढ़ (मदन मोहन)चंदौली । वन महोत्सव अभियान के तहत रविवार को तहसील परिसर नौगढ़ में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। काशी वन्य जीव प्रभाग, रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर (आईएफएस) के निर्देशन में 1 जुलाई से चल रहे वन महोत्सव अभियान के अंतर्गत जयमोहनी रेंज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व उपजिलाधिकारी विकास मित्तल ने हरिशंकरी का पौधा लगाया। वहीं तहसीलदार राहुल सिंह ने अपनी पत्नी के साथ बरगद का पौधा रोपकर प्रकृति संरक्षण और पारिवारिक सहभागिता का संदेश दिया। कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रतिनिधि देवेंद्र साहनी, मंडल अध्यक्ष सर्वजीत सिंह खरवार, पूर्व मंडल अध्यक्ष भगवान दास अग्रहरि, मंत्री सुनील चौरसिया तथा स्वयंसेवक अश्विनी पाण्डेय सहित अन्य लोगों ने भी पौधारोपण किया।


वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में तहसील परिसर में पीपल, बरगद, नीम, हरिशंकरी और आंवला समेत 50 से अधिक छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए।
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेशभर में वन महोत्सव अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जयमोहनी रेंज में 1 जुलाई से अब तक छह दिनों के भीतर 5 हजार से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उनका कहना था कि विभाग का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पौधे का संरक्षण कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं।
कार्यक्रम में वन दरोगा वीरेंद्र पाण्डेय, निर्भय सिंह, सोमेश प्रथम, सोमेश द्वितीय तथा वन रक्षक मुलायम, प्रेम सिंह, चंद्रशेखर, मनीष गुप्ता, प्रमोद यादव, भोला नाथ सहित जयमोहनी रेंज का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

ये भी पढ़िए