सोनभद्र : अनपरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अनपरा थाना क्षेत्र के औडी मोड़ के पास दुरासनी मंदिर के समीप निवासी 30 वर्षीय रानी देवी पत्नी मनीष राम ने अपने घर के अंदर पंखे से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका का पति मनीष राम अनपरा मोड़ पर टायर पंचर बनाने की दुकान चलाता है और घटना के दिन सुबह अपनी दुकान पर चला गया था।

काफी देर तक घर का दरवाजा न खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। बाद में लोहे के दरवाजे को ग्राइंडर से काटकर जब अंदर प्रवेश किया गया, तो महिला का शव फंदे से लटका हुआ मिला। इस दृश्य को देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
रानी देवी अपने पीछे एक वर्षीय बेटा और तीन वर्षीय बेटी छोड़ गई हैं। मां का साया उठने से मासूम बच्चों पर गहरा असर पड़ा है। घटना की सूचना मिलने पर अनपरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अनपरा थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

