हरित क्रांति के साथ संगठन की मजबूती का संदेश” — अखिलेश यादव के आह्वान पर दुद्धी में सपा का सातवें दिन भी वृक्षारोपण अभियान

सोनभद्र। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर चल रहे प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण अभियान के तहत मंगलवार को जनपद सोनभद्र की दुद्धी विधानसभा (403) में लगातार सातवें दिन भी बड़े उत्साह के साथ पौधारोपण किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल राजनीतिक संघर्ष तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करती है। उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक समाजवादी कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह एक-एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे। यही राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सोच और समाजवादी विचारधारा का मूल उद्देश्य है।


सांसद छोटे लाल सिंह खरवार ने कहा कि वृक्ष ही जीवन का आधार हैं। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध पानी और सुरक्षित भविष्य देना है तो वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष अवध नारायण यादव, निरेंद्र प्रताप सिंह गौड़, प्रशांत सिंह सहित दुद्धी विधानसभा के सभी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए