12 अगस्त को सोनभद्र दौरा, चुर्क और रॉबर्ट्सगंज में तिरंगा यात्रा महोत्सव में होंगे मुख्य अतिथि
सोनभद्र। हर घर तिरंगा अभियान-2026 को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के लिए बुधवार, 12 अगस्त को सोनभद्र में तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन होगा। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा इस दौरान जनपद के भ्रमण पर रहेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री सुबह वाराणसी से रवाना होकर करीब 10:40 बजे सोनभद्र सर्किट हाउस, लोढ़ी पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह करीब 11 बजे हरसेवानंद विद्यालय, चुर्क पहुंचकर वहां आयोजित तिरंगा यात्रा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज के सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता से जुड़े आयोजनों में प्रतिभाग करेंगे।
इसके बाद प्रभारी मंत्री करीब 11:10 बजे चुर्क से रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज पहुंचेंगे। यहां से निकलने वाली भव्य तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया जाएगा।
पारिवारिक कार्यक्रम में भी होंगे शामिल
तिरंगा यात्रा के बाद प्रभारी मंत्री रॉबर्ट्सगंज के बिचपई, वार्ड नंबर-3 में श्री अंगद विश्वकर्मा के पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात करीब 2:15 बजे सोनभद्र से वाराणसी के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम करीब 4 बजे वाराणसी सर्किट हाउस पहुंचेंगे।
प्रभारी मंत्री के दौरे को लेकर जिले में तिरंगा अभियान को लेकर उत्साह का माहौल है। चुर्क से रॉबर्ट्सगंज तक होने वाले कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन की सहभागिता से राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी है।

