भूमि विवाद से लेकर साइबर ठगी तक पहुंचीं शिकायतें, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
सोनभद्र। पुलिस कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व प्रकरण समेत पुलिस से संबंधित विभिन्न शिकायतें सामने आईं।
एसपी ने प्रत्येक प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच केवल औपचारिकता न हो, बल्कि तथ्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से समय पर अवगत कराया जाए। जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है, उनमें बिना विलंब विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उत्पीड़न पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद एवं पारदर्शिता मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

