विधान परिषद निर्वाचन को लेकर नोडल अधिकारियों की बैठक, दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराने पर जोर, निर्वाचन व्यय, कानून-व्यवस्था और मीडिया मॉनिटरिंग पर विशेष निगरानी


सोनभद्र,। उत्तर प्रदेश विधान परिषद खण्ड स्नातक (05) एवं खण्ड शिक्षक (06) निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नोडल अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्वाचन की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
निर्वाचन संबंधी सूचनाओं, शिकायतों एवं उनके निस्तारण के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह को कंट्रोल रूम एवं शिकायत प्रबंधन का नोडल अधिकारी बनाया गया है। कंट्रोल रूम को 24 घंटे तीन शिफ्टों में संचालित कराने, प्राप्त शिकायतों को दर्ज करने तथा संबंधित विभागों से अनुपालन रिपोर्ट प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
निर्वाचन व्यय पर रहेगी पैनी नजर
वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह को निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण का नोडल अधिकारी नामित किया गया। उन्हें निर्वाचन व्यय से संबंधित लेखा-जोखा, भुगतान, व्यय मॉनिटरिंग टीम एवं सहायक व्यय प्रेक्षकों के प्रशिक्षण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी के निर्देश दिए गए। राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों को निर्धारित दरों और निर्वाचन व्यय संबंधी नियमों की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला को आदर्श आचार संहिता एवं कानून-व्यवस्था का नोडल अधिकारी बनाया गया है। बैठक में अवैध शराब, अवैध शस्त्रों की तस्करी तथा गैर-जमानती वारंटों के निष्पादन पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
पेड न्यूज और सोशल मीडिया की होगी निगरानी
मीडिया सर्टिफाइंग एंड मॉनिटरिंग कमेटी (MCMC) के तहत प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया पर प्रसारित विज्ञापनों एवं समाचारों की निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव को नोडल अधिकारी/प्रभारी नामित किया गया। उन्हें पेड न्यूज पर विशेष निगरानी रखने तथा संबंधित मामलों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में न्यायिक अधिकारी रमेश चन्द्र, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि पासवान, वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदोरिया, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए