नई तैनाती, नया तेवर: दुद्धी के नए एसडीएम ने संभाली कमान, जनता को दिया त्वरित समाधान का भरोसा

(जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र । दुद्धी तहसील को शुक्रवार को नई प्रशासनिक ऊर्जा मिली, जब नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रवि कुमार पासवान ने पदभार ग्रहण करते ही तहसील परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं का बारीकी से जायजा लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, कंप्यूटर कक्ष, खतौनी अनुभाग, राजस्व अमीन कक्ष, उपजिला न्यायालय, रजिस्ट्रार कार्यालय, रिकॉर्ड आपूर्ति कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। पत्रकारों से बातचीत में एसडीएम रवि कुमार पासवान ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र में भूमि विवादों की संख्या अधिक है, इसलिए ऐसे मामलों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक फरियादी की बात सुनी जाएगी और नियमानुसार न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इधर, दुद्धी तहसील को एक और नई जिम्मेदारी मिली है। नवागत उपजिलाधिकारी (न्यायिक) अशोक कुमार गुप्ता ने भी शुक्रवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उनके कार्यभार संभालने से न्यायिक मामलों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
तहसील में दोनों नए अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने से प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति मिलने तथा आम जनता को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी सेवाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

ये भी पढ़िए