सोनभद्र। आमजन की समस्याओं के त्वरित और निष्पक्ष समाधान को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की शिकायतें स्वयं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, साइबर अपराध, गुमशुदगी और राजस्व से जुड़े मामलों सहित कई शिकायतें सामने आईं। एसपी ने प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जांच में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं को समय-समय पर कार्रवाई की जानकारी दी जाए तथा उनके साथ संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से दर्ज कर उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

