मायके आई गर्भवती महिला की पेट दर्द के बाद मौत, पुलिस जांच में जुटी

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)। फिरोजाबाद जिले के पतारा दलेलपुर निवासी 31 वर्षीय सरिता देवी पत्नी प्रदीप भुइया की रविवार सुबह अचानक पेट में तेज दर्द उठने के बाद मौत हो गई। मृतका नौ माह की गर्भवती थी और बीते तीन महीनों से अपने मायके दीघुल गांव में रह रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ,परिजनों के सूचना पर 108 एंबुलेंस टीम के ईएमटी विजय बहादुर मौर्या और चालक अजीत कुमार मरीज को निमियाडीह-टेढ़ा तिराहा से लेकर सुबह करीब 9 बजे सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने स्वास्थ्य जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता रामरती निवासी दिघुल ने बताया कि सरिता उनकी तीन बेटियों में सबसे बड़ी थी। उसकी शादी करीब सात वर्ष पूर्व फिरोजाबाद क्षेत्र में हुई थी। प्रसव के समय सही देखभाल के लिए वह तीन महीने पहले ही मायके आई थी। परिजनों के अनुसार, यह सरिता का दूसरा बच्चा था। लगभग चार साल पहले उसका पहला बच्चा बड़े ऑपरेशन से हुआ था, जिसकी पेट में ही मौत हो गई थी।
घटना के समय मृतका का पति प्रदीप भुइया भी सीएचसी दुद्धी में मौजूद रहा। अस्पताल के मेमो के जरिए मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार ,पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़िए