जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)। विढमगंज थाना क्षेत्र के धूमा गांव निवासी चिंता देवी (30) पत्नी विनोद कुमार को रविवार की शाम करीब 7 बजे अज्ञात सर्प ने काट लिया। घटना उस समय हुई जब महिला घर के पास स्थित कुएं में लगे पानी के मोटर की स्थिति देखने जा रही थी। कुएं के पास रखी पट्टियों में छिपे सांप ने अचानक हमला कर दिया। अंधेरा होने के कारण महिला सांप को पहचान नहीं सकी।
परिजनों ने तत्काल महिला को निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सक के मुताबिक, मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है और वह चिकित्सकीय निगरानी में है।

