खानपेत सिंहपोरा में शिवसेना का जनसंपर्क कार्यक्रम, पेयजल से अस्पताल तक उठे जनहित के मुद्दे

पेयजल, अस्पताल और सड़क की समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों ने डॉ. संदीप सिंह के सामने रखी अपनी पीड़ा, समाधान का मिला आश्वासन


बारामूला। शिवसेना जम्मू-कश्मीर प्रभारी एवं इंचार्ज डॉ. संदीप सिंह ने रविवार को बारामूला जिले के खानपेत सिंहपोरा क्षेत्र का दौरा कर पंचायत घर में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और रोजमर्रा की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम के दौरान गोहल-टेंगपोरा के ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की समस्या को सामने रखा। वहीं खानपेत सिंहपोरा के लोगों ने बताया कि अस्पताल निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक अस्पताल का निर्माण नहीं हो सका है। इसके अलावा ग्रामीणों ने सड़क संपर्क, बुनियादी नागरिक सुविधाओं और अन्य स्थानीय समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। ग्रामीणों ने कहा कि आवश्यक सुविधाओं के अभाव में स्थानीय आबादी को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनसुनवाई के दौरान डॉ. संदीप सिंह ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें संबंधित स्तर पर उठाने का भरोसा दिलाया।


डॉ. संदीप सिंह ने कहा कि शिवसेना लगातार विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सीधे समझने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और सड़क जैसी बुनियादी समस्याओं को संबंधित स्तर पर प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
रिपोर्ट: शाबरोज मलिक

ये भी पढ़िए