पुलिस ने शुरू किया वॉट्सऐप चैटबॉट, अब 9 जिलों में गुमनाम शिकायतें दर्ज करा सकेंगे लोग

सोनभद्र : वाराणसी रेंज पुलिस ने 9 जिलों के लिए एक नया वॉट्सऐप चैटबॉट ‘पुलिस सतर्क मित्र’ लॉन्च किया है। इस चैटबॉट के माध्यम से नागरिक अब अपनी पहचान बताए बिना विभिन्न अपराधों की शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। यह सुविधा वाराणसी, सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मऊ, मिर्जापुर, आजमगढ़ और चंदौली जिलों में उपलब्ध होगी।

अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पीयूष मोर्डिया ने शुक्रवार को एक ऑनलाइन प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘पुलिस सतर्क मित्र’ का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अपनी पहचान उजागर होने के डर के बिना अवैध गतिविधियों, जैसे जानवरों की तस्करी, अवैध शराब, ड्रग्स और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के बारे में जानकारी साझा करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, वाराणसी पुलिस रेंज के अंतर्गत आने वाले इन नौ जिलों का कोई भी निवासी व्हाट्सएप नंबर 7839860411 पर संदेश भेजकर या दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके सूचना दे सकता है। जानकारी फोटो, वीडियो, ऑडियो या टेक्स्ट संदेश के रूप में साझा की जा सकती है। ये सूचनाएं सीधे संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय और रेंज कार्यालय में पहुंचेंगी। पुलिस कार्रवाई के बाद सूचना देने वाले को भी सेवा के माध्यम से कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी।

इस सुविधा का लक्ष्य नागरिकों के सहयोग से क्षेत्र में हो रही अवैध गतिविधियों को रोकना और समाज को सुरक्षित तथा स्वच्छ बनाना है। पुलिस ने सभी नागरिकों से इस सेवा का अधिकतम उपयोग करने और अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि ‘पुलिस सतर्क मित्र’ के बारे में लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। प्रेसवार्ता में एएसपी अनिल कुमार, सीओ हर्ष पांडे, सीओ अमित कुमार और डॉ. चारु द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए