506 आवेदनों में पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रिया से चयन, अभिलेख सत्यापन के बाद खातों में भेजी जाएगी सहायता राशि
सोनभद्र,। मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना के तहत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया। योजना के लिए प्राप्त 506 आवेदनों में से 28 पात्र लाभार्थियों का ऑनलाइन एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत चयन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना का उद्देश्य पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए उनकी आय एवं जीवन स्तर में सुधार करना है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को शासन द्वारा निर्धारित वित्तीय सहायता एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने बताया कि ई-लॉटरी में चयनित लाभार्थियों के अभिलेखों का सत्यापन पूरा होने के बाद शीघ्र ही उनके बैंक खातों में सहायता राशि हस्तांतरित की जाएगी। साथ ही भविष्य में प्राप्त होने वाले नए आवेदनों के आधार पर भी शासन के निर्देशानुसार ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने बताया कि इस पारदर्शी ऑनलाइन चयन प्रक्रिया से पात्र पशुपालकों को निष्पक्ष तरीके से योजना का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा।

