दुद्धी सीएचसी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाएं व स्वच्छता सुधारने के दिए निर्देश, अधिकारियों संग समीक्षा बैठक और गांव चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
सोनभद्र,। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. हंसराज विश्वकर्मा ने बुधवार को अमवार स्थित निर्माणाधीन कनहर सिंचाई परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने परियोजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुद्धी का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार एवं सभी सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जर्जर भवनों की शीघ्र मरम्मत कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, जन सुरक्षा और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात गांव चौपाल संवाद कार्यक्रम में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, श्रवण कुमार गौड़, अपना दल (एस) के अंजनी पटेल, उपजिलाधिकारी दुद्धी रवि पासवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

