सोनभद्र: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी सीओ पिपरी की गाड़ी, हादसे में महिला की मौत, क्षेत्राधिकारी सहित पुलिसकर्मी घायल

रेणुकूट (सोनभद्र)जनपद के रेणुकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्धवा मोड़ पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सीओ पिपरी की तेज रफ्तार सरकारी गाड़ी ने पहले एक पैदल चल रही महिला को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा पलटी। इस दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि क्षेत्राधिकारी (सीओ) हर्ष पांडेय समेत गाड़ी में सवार अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

पति के लिए खाना लेकर जा रही थी महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाड़पाथर निवासी 55 वर्षीय अस्पताली देवी (पत्नी कमलेश सिंह) सोमवार दोपहर अपने पति और बच्चों के लिए खाना लेकर मुर्धवा मोड़ स्थित उनके होटल की ओर जा रही थीं। महिला सड़क के किनारे पैदल चल रही थी, तभी पीछे से आ रही सीओ पिपरी की तेज रफ्तार सरकारी बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटा वाहन

महिला को टक्कर मारने के बाद चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार होने के कारण गाड़ी सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। वाहन में सवार क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय और अन्य हमराह पुलिसकर्मी वाहन के अंदर ही फंस गए और गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और सूचना पर पहुँची पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया। सभी घायलों को आनन-फानन में हिंडालको चिकित्सालय पहुँचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं सीओ हर्ष पांडेय और घायल पुलिसकर्मियों का गहन उपचार जारी है। चिकित्सकों की एक टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस हादसे के बाद मृतक महिला के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

ये भी पढ़िए