पेपर लीक के विरोध में सपा का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन

पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर साधा निशाना, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के विभिन्न छात्र एवं युवा संगठनों ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। समाजवादी छात्र सभा, युवजन सभा, लोहिया वाहिनी और यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद कुछ देर तक कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी होती रही।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि देश में लगातार प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है। वर्षों की मेहनत के बावजूद अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था नहीं मिल पा रही है। बार-बार परीक्षाएं निरस्त होने और अनियमितताओं के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है। इसी को लेकर कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष पवन पटेल, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष बबलू धागर, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष जयुतेश गौतम तथा यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष सत्यम पांडे ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर से जुड़े मामलों में भी संविधान और कानून के अनुरूप कार्रवाई किए जाने की बात कही।
सभा को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, राजेंद्र सिंह पटेल और विजय यादव ने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस बल प्रयोग और लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच की मांग की। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ये भी पढ़िए