प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के सोनभद्र दौरे से भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश, ऐतिहासिक स्वागत की तैयारी

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के 8 जुलाई को प्रस्तावित सोनभद्र दौरे को लेकर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। राबर्ट्सगंज में होने वाले उनके प्रथम आगमन को लेकर संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पहली बार सोनभद्र आ रहे हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत ऐतिहासिक और भव्य होगा। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
अशोक मिश्रा ने बताया कि राबर्ट्सगंज स्थित स्वर्ण जयंती चौक पर उनके तथा मंडल अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया जाएगा। इसके अलावा जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे और कार्यकर्ता सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन करेंगे और संगठन को और मजबूत बनाने के साथ-साथ केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराएंगे। पूर्व जिलाध्यक्ष ने सोनभद्र को उत्तर प्रदेश का सामरिक एवं आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद बताते हुए कहा कि बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से जुड़ी सीमाओं तथा खनिज संपदा और औद्योगिक संभावनाओं के कारण यह जिला विशेष महत्व रखता है। उनका कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष का यह दौरा संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा और कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ाएगा। भाजपा नेताओं के अनुसार कार्यक्रम की तैयारियों में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम साबित होगा और जिले की आगामी राजनीतिक गतिविधियों को नई गति देगा।

ये भी पढ़िए