करमा के कसया खुर्द में चोरों ने रात के अंधेरे में दिया वारदात को अंजाम, आरी ब्लेड छोड़कर हुए फरार
करमा, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के कसया खुर्द गांव में बुधवार की रात चोरों ने किसान के खेत को निशाना बनाते हुए समरसेबल पंप, स्टार्टर, रस्सी और केबल समेत सिंचाई से जुड़ा सामान पार कर दिया। सुबह खेत पर पहुंचे किसान को चोरी की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
कसया खुर्द निवासी विष्णु दत्त मिश्र ने बताया कि उनके खेत में सिंचाई का काम चल रहा था। बुधवार रात करीब 11 बजे तक सब कुछ सामान्य था। सुबह खेत पर पहुंचे तो समरसेबल के बक्से का ताला टूटा मिला। अंदर से समरसेबल पंप, स्टार्टर, रस्सी और केबल गायब थे। चोरों ने समरसेबल की पाइप भी कई टुकड़ों में तोड़कर इधर-उधर बिखेर दी थी। मौके पर आरी का ब्लेड भी पड़ा मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पाइप व केबल काटने के लिए इसका इस्तेमाल किया।
घटना की सूचना तत्काल पीआरवी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। किसान ने मामले की लिखित सूचना थाने में दे दी है। पुलिस चोरों की तलाश और घटना के खुलासे में जुटी है।
लगातार हो रही चोरी से ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कई मामलों का खुलासा नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी को भी चोरी की घटनाओं से जोड़ते हुए पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और पूर्व की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
घटना ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और खेतों की सुरक्षा के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

