दुद्धी कृषि मंडी में भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, हरिशंकरी का किया गया वृक्षारोपण
दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र : भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन बुधवार को कृषि मंडी दुद्धी में झमाझम बारिश के बीच उत्साहपूर्वक किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का प्रथम दुद्धी आगमन पर गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा, तिलक एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन तथा वंदे मातरम् के साथ हुआ। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत आज डिजिटल प्लेटफॉर्म, तकनीकी विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है तथा विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाना ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म को शत-प्रतिशत पूर्ण करने, 26 जुलाई को प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सुनने, बूथ समितियों का गठन तथा पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने पर जोर दिया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, कृषि, व्यापार, रोजगार, हर घर पक्का मकान, शौचालय निर्माण तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है।
दर्जा प्राप्त मंत्री जीत सिंह खरवार ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बूथ अध्यक्षों को संगठन की रीढ़ बताया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने मंडलवार समीक्षा करते हुए संगठनात्मक कार्यक्रमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्रवण सिंह गौड़ ने कहा कि बूथ स्तर की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया। इसके बाद वन विभाग के सहयोग से परिसर में हरिशंकरी (पीपल, बरगद एवं पाकड़) के पौधों का संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रवि कुमार पासवान, रेंजर सरिता गौतम, गर्जन राम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह गौतम, मनोज सिंह बबलू, जिला मंत्री सुषमा सिंह गौड़, क्षेत्रीय मंत्री बी.एन. गुप्ता, नगर पंचायत दुद्धी के चेयरमैन कमलेश मोहन, मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, वीरेंद्र चौधरी, रामेश्वर राय, मंडल महामंत्री प्रेम नारायण सिंह, अंशुमान राय, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ संयोजक जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी, राफे खां, युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय चन्द्रवंशी, पीयूष कसेरा, आयुष कुमार, मीरा सिंह गौड़, पूजा चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पुलिस प्रशासन एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

