सोनभद्र में सुरक्षा व्यवस्था होगी हाईटेक, प्रमुख स्थानों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

अल्ट्राटेक के सीएसआर फंड से स्थापित होगी आधुनिक निगरानी प्रणाली, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन होगा मजबूत

सोनभद्र,। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अल्ट्राटेक के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड से जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों, दुर्घटना बहुल स्थानों और मुख्य मार्गों पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक से मजबूत करने के साथ नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार यह निगरानी व्यवस्था किसी विशेष आयोजन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि वर्षभर लगातार संचालित रहेगी। कैमरों के माध्यम से कानून-व्यवस्था, यातायात संचालन, सार्वजनिक गतिविधियों और संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी की जाएगी। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित नजर रखने, आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने और अपराधों की रोकथाम में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी।
सीसीटीवी कैमरों के जरिए चोरी, लूट, तोड़फोड़ सहित अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के साथ अपराधियों की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी भी आसान होगी। वहीं, यातायात प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संचालन में भी यह प्रणाली महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, व्यापारियों और संस्थानों से अपील की है कि वे भी अपने प्रतिष्ठानों, कार्यालयों और आवासों पर स्वेच्छा से सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अपराधमुक्त सोनभद्र के निर्माण में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है।

ये भी पढ़िए