सोन पंप कैनाल से पेयजल आपूर्ति में नहीं आएगी बाधा, डीएम ने बिजली व सिंचाई विभाग को दिए सख्त निर्देश

सोनभद्र : जनपद में सोन पंप कैनाल के माध्यम से निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिजली और वोल्टेज संबंधी समस्याओं के कारण आमजन की पेयजल आपूर्ति किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंपों के सुचारु संचालन के लिए वोल्टेज संबंधी सभी तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत एवं सिंचाई विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें तथा किसी भी तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही तत्काल उसका निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को समय पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को नहरों का संचालन निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नहर संचालन इस प्रकार हो कि सिंचाई और पेयजल व्यवस्था दोनों प्रभावित न हों तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में विद्युत विभाग एवं सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंताओं सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए