सोनभद्र। रामगढ़ रोड स्थित निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के पास आमजन और वाहनों के आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावी पहल की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर तहसीलदार सदर अमित सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक निर्णय लिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनने के बाद रेलवे स्टेशन के मुख्य मार्ग से 100 मीटर लंबा एवं 5 मीटर चौड़ा वैकल्पिक लिंक मार्ग तत्काल तैयार कराने का निर्णय लिया गया। निर्माण एजेंसी ने बताया कि गुरुवार तक लिंक मार्ग का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी तय किया है कि जब तक वैकल्पिक मार्ग तैयार नहीं हो जाता, तब तक रेलवे ओवरब्रिज के पूर्वी हिस्से में कोई निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा, ताकि लोगों के आवागमन में बाधा न आए। इस दौरान मार्ग से केवल दोपहिया एवं चारपहिया हल्के वाहनों के आवागमन की अनुमति रहेगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल स्थलीय निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि लिंक मार्ग बनने के बाद स्थानीय नागरिकों तथा वाहन चालकों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी।

