अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल, सीएचसी दुद्धी में भर्ती

दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र । क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
पहली घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बघाडू बारहपान स्थित मुड़गुड़ी पहाड़ी के पास हुई। जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से आकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक सवार अवध कुमार (28) पुत्र रमेश कुमार, निवासी सुंदरी अमवार को मामूली चोटें आईं, जबकि उनके पड़ोसी दया (22) पुत्र नारायण गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को निजी वाहन से तत्काल सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। जहां डॉ. मनोहर सिंह की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है। घायल अवध कुमार ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
दूसरी दुर्घटना दोपहर करीब 2:30 बजे कस्बा दुद्धी से सटे एनएच-39 पर जाबर पेट्रोल पंप के पास हुई। दिवाकर (18) पुत्र नन्दू, निवासी बोम थाना विंढमगंज, अपनी बाइक से ससुराल ग्राम खजुरी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दिवाकर को स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
दोनों मामलों में पुलिस आवश्यक जानकारी जुटाने के साथ फरार वाहन चालकों की तलाश में जुटी हुई है।

ये भी पढ़िए