पीएम-राहत योजना पर कार्यशाला, गोल्डन आवर में कैशलेस उपचार का दिया गया प्रशिक्षण

सोनभद्र,। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के सभागार में मंगलवार को पीएम-राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेम नाथ ने की। कार्यशाला में परिवहन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एनआईसी तथा चिन्हित निजी अस्पतालों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेम नाथ ने बताया कि योजना का उद्देश्य राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों सहित शहरी क्षेत्रों में सड़क दुर्घटना के घायलों को गोल्डन आवर के दौरान त्वरित और कैशलेस उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि समय पर इलाज मिलने से अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।
क्षेत्राधिकारी परिवहन राज सोनकर ने कहा कि दुर्घटना के बाद का पहला घंटा सबसे महत्वपूर्ण होता है। इसी अवधि में बेहतर समन्वय और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभाग मिलकर कार्य करेंगे, जिससे प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
कार्यशाला के दौरान चिन्हित निजी अस्पतालों के कम्प्यूटर ऑपरेटरों को टीएमएस (TMS) एवं ई-डार (e-DAR) पोर्टल के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही 112 हेल्पलाइन के माध्यम से एम्बुलेंस एवं आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुमन कुमार, प्रभारी निरीक्षक यातायात नरेन्द्र कुमार सिंह, विभिन्न थानों के उपनिरीक्षक, एनआईसी के डीआरएम मो. सैफ सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला का समापन किया गया।

ये भी पढ़िए