सोनभद्र, । स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को राष्ट्रभक्ति के जनआंदोलन के रूप में संचालित करते हुए समयबद्ध ढंग से प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे राष्ट्रीय ध्वज भारतीय ध्वज संहिता के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के हों। ध्वजों का निर्माण, वितरण और भुगतान पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा किया जाए, ताकि स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराया जा सके।
उन्होंने ग्राम पंचायतों, विकास खंडों और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और नागरिक कर्तव्य की भावना को मजबूत करने का अभियान है।
बैठक में जिलाधिकारी ने ध्वज संहिता का पालन कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि तिरंगा सदैव सम्मान के साथ फहराया जाए। उन्होंने बताया कि झंडा आयताकार होना चाहिए, उसकी लंबाई-चौड़ाई का अनुपात 3:2 हो तथा केसरिया रंग हमेशा ऊपर रहे। तिरंगा जमीन, पानी या फर्श को नहीं छूना चाहिए और फटा, गंदा अथवा क्षतिग्रस्त ध्वज का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तिरंगे पर किसी प्रकार का लेखन, चित्र या विज्ञापन प्रतिबंधित है। राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग किसी वस्तु, मंच, वाहन या मूर्ति को ढकने के लिए नहीं किया जा सकता तथा किसी अन्य झंडे को तिरंगे से ऊंचा या अधिक सम्मानजनक स्थान नहीं दिया जाएगा। वर्तमान नियमों के अनुसार सम्मानपूर्वक प्रदर्शित किए जाने पर तिरंगा दिन और रात दोनों समय फहराया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से अभियान को पूरी गंभीरता के साथ सफल बनाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा राष्ट्रगान के दौरान अनुशासन सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।

