दलालों के चक्कर में गई दो जिंदगियां! प्रसव के दौरान मां और नवजात की मौत

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र में एक बार फिर अवैध क्लिनिक में जच्चा बच्चा के मौत के बाद हंगामा मंच गया, प्रसव पीड़ित महिला जिला अस्पताल में भर्ती थी पर दलालों ने महिला के परिजनों को बहला फुसलाकर अवैध क्लिनिक में गर्भवती को भर्ती करवा दिया जिसके बाद रॉबर्ट्सगंज की इमरती कॉलोनी स्थित सिंह हेल्थ केयर में प्रसव के दौरान जच्चा और बच्चा दोनो की ही मौत हो गई। इलाज के नाम पर लापरवाही बरती गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्लिनिक को सील कर एफआईआर की तैयारी शुरू कर दी है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर मौत के बाद ही कार्रवाई क्यों होती है।

मृतका के पति के मुताबिक गुरुवार को वह अपनी पत्नी को प्रसव के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। आरोप है कि इसी दौरान एक कथित दलाल ने उन्हें गुमराह कर इमरती कॉलोनी स्थित सिंह हेल्थ केयर ले जाने की सलाह दी और भरोसा दिलाया कि यहां सुरक्षित प्रसव हो जाएगा।
परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक पहुंचने पर खून की कमी बताकर उनसे बाहर से खून मंगवाया गया। इसके बाद पहले सामान्य प्रसव का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आरोप है कि बाद में अप्रशिक्षित लोगों ने ऑपरेशन किया, जिसमें नवजात की मौत हो गई। वहीं प्रसूता की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। जब शरीर में कोई हलचल नहीं बची तो क्लिनिक प्रबंधन ने लाइफ सपोर्ट के सहारे वाराणसी रेफर कर दिया, जबकि परिजनों का दावा है कि महिला की मौत क्लिनिक में ही हो चुकी थी। वाराणसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी गुलाब शंकर ने बताया कि संबंधित क्लिनिक के अवैध रूप से संचालित होने की जानकारी पहले से थी और इसका आवेदन भी विचाराधीन था। लेकिन कार्रवाई पूरी होने से पहले यह घटना हो गई। फिलहाल क्लिनिक को सील कर दिया गया है और एफआईआर की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। हालांकि सबसे बड़ा सवाल स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर खड़ा होता है। जिला मुख्यालय से चंद दूरी पर अवैध क्लिनिक आखिर किसके संरक्षण में संचालित हो रहा था। जिले में पहले भी ऐसे कई मामलों में जच्चा-बच्चा की जान जा चुकी है, लेकिन हर बार कार्रवाई किसी मौत के बाद ही होती है। आखिर स्वास्थ्य विभाग अवैध अस्पतालों और क्लिनिकों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं कर पाता, यह सवाल एक बार फिर पूरे सिस्टम के सामने खड़ा है।

ये भी पढ़िए