अमिला धाम घाटी में अनियंत्रित टेंपो पलटी, एक महिला की मौत तीन गंभीर

(नसीम सिद्दीकी)कोन/सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के चौकी चकरिया के अमिला धाम घाटी में शनिवार की शाम साढ़े सात बजे अनियंत्रित टेम्पो पलटने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं टेम्पो में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टेम्पो में कुल 13 लोग सवार थे, जो रामपुर बरकोनिया से कोन के बागेसोती आ रहे थे। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र से एक टेम्पो 13 लोगों को लेकर कोन के बागेसोती गांव आ रही थी। शाम लगभग साढ़े सात बजे टेंपो अमिला धाम की घाटी की चढ़ाई पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे टेम्पो में सवार 35 वर्षीय बिगनी पत्नी रामविलास, 35 वर्षीय सीमा पत्नी विनय उरांव निवासी ग्राम मनठहवां, थाना रामपुर बरकोनिया, 22 वर्षीय मुकेश पुत्र नागेश निवासी ग्राम सराय, थाना पन्नुगंज तथा 10 वर्षीय अलका पुत्री धर्मेंद्र निवासी ग्राम खड़िया टोला, थाना रामपुर बरकोनिया गंभीर रूप से घायल हो गई।वहीं टेम्पो में सवार 35 वर्षीय पूजा पत्नी रामसूरत निवासी बिखमपुर, 40 वर्षीय देवकी पत्नी उदय निवासी डोवतिया, 50 वर्षीय शंकर उरांव पुत्र अशर्फी निवासी करौंधिया, रंजीता पत्नी महेंद्र निवासी करैलवा, नंदिनी पुत्री रामकुमार निवासी मंडावा, अनुपा पुत्री रमेश निवासी भीखमपुर, निशा पत्नी राजेश निवासी भीखमपुर, अवधेश पुत्र शंकर निवासी छोड़ा तथा अमरावती देवी पत्नी स्वउमा निवासी सिलथम पटना सभी थाना रामपुर बरकोनिया को हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन पहुंचाया गया। अस्पताल में डाक्टरों ने बिग़नी पत्नी रामविलास को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ये भी पढ़िए