सोनबभ/शाहगंज। साइबर ठगी के मामले में शाहगंज पुलिस की साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित की ₹19,500 की ठगी गई रकम वापस करा दी। धनराशि खाते में वापस आने के बाद पीड़ित ने पुलिस टीम की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, ईनम निवासी बृजेश के साथ साइबर फ्रॉड कर ₹19,500 की धनराशि ठग ली गई थी। शिकायत मिलने के बाद शाहगंज पुलिस की साइबर टीम ने तत्काल NCRP पोर्टल पर मामले की जांच शुरू की और ठगी की रकम को संबंधित खाते में होल्ड कराया।
इसके बाद साइबर टीम ने लेन-देन से जुड़े आवश्यक साक्ष्य जुटाकर संबंधित बैंक से ई-मेल एवं पत्राचार के माध्यम से समन्वय स्थापित किया। टीम के प्रयास से होल्ड कराई गई पूरी ₹19,500 की धनराशि पीड़ित के मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, साइबर हेल्प डेस्क के उपनिरीक्षक तेज बहादुर राय और रिक्रूट आरक्षी अमन सिंह तोमर शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति से बैंकिंग जानकारी, पासवर्ड या OTP साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं और ऑनलाइन शिकायत के लिए साइबर क्राइम पोर्टल का उपयोग करें।

