नारी सुरक्षा बनी प्राथमिकता, मिशन शक्ति 5.0 के तहत घर-घर पहुंची सोनभद्र पुलिस

स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और गांवों तक पहुंची पुलिस, महिलाओं-बालिकाओं को आत्मरक्षा, कानूनी अधिकार और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण में जनपदभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों की मिशन शक्ति टीमों ने स्कूलों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकार, बाल विवाह, लैंगिक समानता, महिलाओं व बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों और स्वास्थ्य व शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही महिलाओं की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए लोगों को फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बैंकिंग फ्रॉड और ओटीपी साझा न करने के प्रति भी सचेत किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन पर दें।
पुलिस का संदेश:
“नारी शक्ति का करें सम्मान, तभी बनेगा देश महान।”
सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मिशन शक्ति अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

ये भी पढ़िए