बिजली कनेक्शन जोड़ते समय करंट की चपेट में आया युवक, मौत से परिवार में मचा कोहराम

सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के सूपाचुआ गांव में मंगलवार को बिजली का कनेक्शन जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि सूपाचुआ गांव निवासी राजेश (33) पुत्र रामखेलावन मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर के बिजली बोर्ड में नया कनेक्शन जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली का संपर्क हो जाने से वह करंट की चपेट में आकर अचेत होकर गिर पड़े।
परिजन आनन-फानन में उन्हें सीएचसी म्योरपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राजेश को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से मेमो के माध्यम से घटना की सूचना म्योरपुर पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए शव दुद्धी भेजा गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़िए