3 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, अनपरा पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने का आरोप, दो मोबाइल और नकदी बरामद

सोनभद्र। जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अनपरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹3 करोड़ से अधिक की संदिग्ध साइबर ठगी से जुड़े बैंक खातों का संचालन करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और ₹2,500 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना अनपरा में दर्ज साइबर ठगी के मुकदमे की विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना पर शक्तिनगर थाना क्षेत्र के चिल्काडांड बाजार में छापेमारी कर विजय कुमार अग्रहरी और मुकेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से एक आईफोन, एक IQOO 12 मोबाइल तथा ₹2,500 नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी विभिन्न बैंक खातों में इंटरनेट बैंकिंग सक्रिय कर उन्हें साइबर अपराधियों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराते थे। जांच में इन खातों के माध्यम से ₹3 करोड़ से अधिक के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन सामने आए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और लेन-देन की गहन जांच में जुटी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या मोबाइल बैंकिंग की सुविधा किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें। किसी भी साइबर अपराध की सूचना तत्काल 1930 हेल्पलाइन या साइबर क्राइम पोर्टल पर दें।

ये भी पढ़िए