खुली हल्दी में मिलावट की आशंका, 7.3 किलो हल्दी सीज, जांच को भेजा नमूना

घूरमा मोड़ स्थित किराना दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, रिपोर्ट आने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई

सोनभद्र। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ अभियान चलाते हुए चोपन क्षेत्र के घूरमा मोड़ स्थित मे० सम्राट किराना एण्ड जनरल स्टोर पर कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान दुकान में खुले बोरे में बिक्री के लिए रखी हल्दी पाउडर में मिलावट की आशंका मिलने पर विभाग ने उसका नमूना जांच के लिए संग्रहित कर लिया तथा शेष स्टॉक को सीज कर दिया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार यादव ने 28 जुलाई को दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान लगभग 8 किलो 500 ग्राम खुली हल्दी पाउडर बिक्री के लिए रखी मिली। संदेह होने पर नियमानुसार हल्दी का नमूना लेकर खाद्य विश्लेषक को जांच के लिए भेजा गया।
विभाग ने मौके पर बची हुई 7 किलो 300 ग्राम हल्दी पाउडर को भी सीज कर दिया, जिसकी अनुमानित कीमत 1,241 रुपये बताई गई है। अधिकारियों ने बताया कि खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़िए